स्पेक्ट्रम 2026 का भव्य आगाज़, सीएम धामी ने भीमताल को दी कई बड़ी सौगातें

भीमताल, 11 अप्रैल 2026। पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज, भीमताल में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान के कम्प्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन और नए भवन से छात्र-छात्राओं को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और संकल्प से राष्ट्र सुरक्षित और सशक्त बनेगा।
मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा देने की है। उन्होंने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि संस्थान ने वर्षों से शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों की उत्कृष्ट परंपरा कायम की है। छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पहाड़ों में तकनीकी शिक्षा के अवसर सीमित थे, तब इस संस्थान ने युवाओं को नई दिशा दी। आज यहां के विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और कई छात्र प्रशासनिक सेवाओं, सेना तथा स्टार्टअप के क्षेत्र में भी योगदान दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना, अटल इनोवेशन मिशन और पीएम युवा योजना जैसी पहलें युवाओं को रोजगार देने वाला बना रही हैं।

शिक्षा और युवाओं के लिए सरकार की पहल :

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नई शिक्षा नीति लागू की जा चुकी है, जिसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। साथ ही 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और ‘मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना’ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि शोध के लिए प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

भीमताल क्षेत्र को मिलीं कई सौगातें :

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—:
• ड्रोन लैब और कम्प्यूटर विभाग के उच्चीकरण हेतु 50 लाख रुपये
• ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु 50 लाख रुपये
• भीमताल में उप-तहसील की स्थापना
• ओखलकांडा में आयुर्वेदिक चिकित्सालय और एक्स-रे मशीन
• भीमताल सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन
• लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोर
• रामगढ़, धारी, ओखलकांडा में मंडी निर्माण
• ककोड़ व दाड़िम में मिनी स्टेडियम

इस दौरान राम सिंह कैड़ा ने भी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *