भीमताल की जूनियर टीम ने जीता सिल्वर मेडल, खिलाड़ियों और कोच की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी
भीमताल। भारतीय फुटबॉल संघ के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ द्वारा रायपुर में आयोजित 20वीं सीनियर एवं 14वीं जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल चैम्पियनशिप में मल्लिकार्जुन स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
चैम्पियनशिप में मल्लिकार्जुन स्कूल की जूनियर टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रनर-अप स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। टीम में नितिन मंडल, रियांश कम्बोज, गणेश यादव, सौरव कुटियाल और रोहित राणा शामिल रहे, जिन्होंने सामूहिक प्रदर्शन से यह उपलब्धि हासिल की।
इसके अतिरिक्त विवेक चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं अनमोल कुमार ने प्रतियोगिता में कोच एवं ऑफिशियल/रेफरी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ब्रॉन्ज मेडल भी हासिल किया।
विद्यालय के खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रशासन ने इसे खिलाड़ियों की मेहनत और कोच अनमोल कुमार के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलचंद तथा उप प्रधानाचार्य ममता बृजवासी ने सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।