भीमताल : नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में हल्द्वानी नगर निगम की टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अवैध फड़-ठेले और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इस अभियान में नैनीताल रोड, क्रियाशाला, सुशीला तिवारी अस्पताल के पास और कोल टैक्स क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने अवैध फड़-ठेलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 20 अवैध फड़-ठेले जब्त किए गए और 10 ठेले वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान शहर में अव्यवस्था और यातायात में रुकावट को रोकने के लिए चलाया गया है। टीम ने अवैध रूप से ठेला लगाकर व्यापार करने वालों को चेतावनी दी और नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि भविष्य में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि शहर में व्यवस्था और सफाई बनी रहे और अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के सौंदर्य और यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाएगा।