प्राधिकरण पर स्थानीय लोगों के उत्पीड़न का आरोप, हरीश पनेरू ने किया प्रदर्शन

भीमताल। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू ने झील विकास प्राधिकरण और जिला विकास प्राधिकरण पर स्थानीय लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
भेजे गए पत्र में पनेरू ने कहा कि रामगढ़ से मुक्तेश्वर रोड के कसियालेख क्षेत्र में स्थानीय निवासी अपने बच्चों के लिए आवास, गौशाला, मुर्गीबाड़ा, शौचालय और छोटे व्यवसाय के लिए कमरे या दुकानों का निर्माण कर रहे हैं। इसके बावजूद झील विकास प्राधिकरण और जिला विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माण कार्यों पर रोक लगाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण की ओर से कई स्थानीय लोगों के चालान किए गए हैं और कुछ को मौखिक रूप से धमकियां भी दी जा रही हैं। पनेरू का कहना है कि स्थानीय लोगों के छोटे-छोटे निर्माण कार्यों को लेकर मुख्य मोटर मार्ग से 200 मीटर हवाई दूरी का हवाला देकर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाहरी लोग मुख्य मार्ग के पास बड़े-बड़े भवन बना रहे हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
पनेरू ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पहाड़ में परंपरागत रूप से निवास कर रहे स्थानीय लोगों के चालान निरस्त किए जाएं और उन्हें अपने निर्माण कार्य पूरे करने की अनुमति दी जाए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्राम पंचायत प्रधान गजार धारी शीतल, ग्राम प्रधान चौखुटा लक्ष्मी बिष्ट समेत दर्जनों स्थानीय प्रभावित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *