भीमताल। क्षेत्र में इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी से होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यवसायियों का कहना है कि विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा पर्याप्त मात्रा में सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिसके चलते समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो रही है।
व्यापारियों के अनुसार यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में होटल एवं रेस्टोरेंट संचालन पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। गैस की कमी के कारण कई प्रतिष्ठानों के सामने अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से चलाना चुनौती बन सकता है, जिससे व्यवसायियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कुमाऊँ मंडल के सह प्रभारी अखिलेश सेमवाल ने संबंधित विभाग एवं गैस आपूर्ति से जुड़े अधिकारियों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।