भीमताल : गोलापार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। डिप्टी कलेक्टर नवाजिस खलिक के नेतृत्व में चले सघन प्रवर्तन अभियान में एक बंगाली क्लीनिक को अवैध रूप से संचालित पाया गया, जिसे तत्काल सील कर दिया गया। मौके पर ही उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा क्लीनिक का चालान भी किया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र में संचालित पांच मेडिकल दुकानों की गहन जांच की गई, जिनमें कुछ में अनियमितताएं पाई गईं। इन दुकानों को ड्रग इंस्पेक्टर के माध्यम से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि बिना लाइसेंस और मानकों के अनुरूप संचालन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आमजन को सुरक्षित और प्रमाणिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से क्लीनिक या मेडिकल स्टोर संचालित न कर सके।
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।