अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, जेसीबी से हटाए गए अवैध निर्माण

ऊंचापुल व कठघरिया चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन सख्त

भीमताल : नगर निगम, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को ऊंचापुल चौराहा और कठघरिया चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, नगर आयुक्त ऋचा सिंह और उपजिलाधिकारी राहुल साह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
पूर्व में किए गए चिन्हांकन के बावजूद कई दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया था। इस पर सख्ती दिखाते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया।
अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने बताया कि अधिकांश व्यापारियों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया है, जबकि कुछ दुकानदारों को जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एक बैंक्वेट हॉल द्वारा सड़क किनारे टीन शेड का अवैध निर्माण पाया गया। साथ ही विद्युत घर से अवैध रूप से ठेलियों और फड़ों को बिजली आपूर्ति की जा रही थी। इस पर एडीएम ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (लोनिवि एवं विद्युत), नगर निगम अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क चौड़ीकरण में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *