पार्टी विरोधियों को जिम्मेदारी सौंपना अनुचित : प्रकाश आर्य

भीमताल : नगर निकाय चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्ति को दोबारा संगठन में जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भाजपा के जिला मंत्री एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी प्रकाश आर्य भड़क उठे। उन्होंने इसे पार्टी अनुशासन के खिलाफ बताते हुए शीर्ष नेतृत्व से हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रकाश आर्य ने मंडल अध्यक्ष पंकज अद्वैती पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निकाय चुनाव में अद्वैती ने भाजपा प्रत्याशियों के विरोध में कार्य किया था। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में पार्टी संगठन से लिखित शिकायत करते हुए उनके निष्कासन की मांग भी की थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में भी अद्वैती को इसी तरह की गतिविधियों के चलते पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है।
आर्य ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति को एक बार फिर नगरपालिका कार्यक्रम का संयोजक बनाए जाना अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अद्वैती को कुछ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उन्हें पुनः पद सौंपा गया।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व चुनाव अधिकारी राजकुमार चाहर ने साफ निर्देश दिए थे कि ऐसे व्यक्तियों को किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी न दी जाए, लेकिन इन निर्देशों की खुलेआम अवहेलना की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी कार्यप्रणाली जारी रही, तो आगामी चुनावों में पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

आर्य ने कहा, “मैं तन-मन-धन से पार्टी के लिए समर्पित हूं, लेकिन स्थानीय स्तर पर हो रही अनुशासनहीनता चिंता का विषय है। जल्द ही मैं इस मामले को जिला व शीर्ष नेतृत्व के समक्ष उठाऊंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *