राजभवन नैनीताल में शिष्टाचार भेंट के दौरान पर्यटन विकास पर हुई चर्चा
भीमताल : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से बुधवार को राजभवन नैनीताल में कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को निगम द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी दी।
भेंटवार्ता के दौरान विनीत तोमर ने बताया कि निगम क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई नई योजनाओं पर काम कर रहा है, जिससे स्थानीय रोजगार सृजन के साथ ही राज्य की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने केएमवीएन के होमस्टे कार्यक्रम, ट्रैकिंग रूट्स, साहसिक पर्यटन एवं अन्य स्थायी विकास परियोजनाओं की प्रगति से भी राज्यपाल को अवगत कराया। राज्यपाल ने निगम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने में केएमवीएन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पर्यटन को सतत और पर्यावरण अनुकूल बनाया जाए।