भीमताल झील की सफाई व सुरक्षा को लेकर सिंचाई विभाग सक्रिय

भीमताल । सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी द्वारा उठाई गई भीमताल झील की गाद-मिट्टी निकासी एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर सिंचाई विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्राचार के बाद विभाग ने की जा रही कार्यवाही की जानकारी बृजवासी को उपलब्ध कराई है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि झील से मिट्टी, गाद एवं सिल्ट निकासी के लिए अत्याधुनिक मशीनों का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न फर्मों से दर आमंत्रित की गई हैं। दर प्राप्त होने के उपरांत प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति एवं धन आवंटन के लिए उच्च स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त झील के चारों ओर पर्यटन सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाए जाने हेतु जिला योजना के अंतर्गत 12.55 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार कर जिला पर्यटन अधिकारी को भेजा जाएगा।
उम्मीद जताई जा रही है कि प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने से भीमताल झील की स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *