चिल्किया में लगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर, 127 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

भीमताल । सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड रामनगर की न्याय पंचायत चिल्किया स्थित रामलीला मैदान में शनिवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने की।
शिविर में ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज, पेयजल एवं जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण, कृषि, वन, राजस्व, लघु सिंचाई, उडेरा, खाद्य आपूर्ति तथा उद्यान विभाग सहित अन्य विभागों ने सहभागिता की। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से क्षेत्रीय जनता को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
शिविर के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में कुल 127 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि विभिन्न विभागों द्वारा 64 प्रमाण पत्र भी बनाए गए। बहुउद्देशीय शिविर से लगभग 314 नागरिकों ने सीधे लाभ उठाया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, खंड विकास अधिकारी जीसी पांडे सहित विभिन्न ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
शिविर के माध्यम से प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ते हुए जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *