भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अंतर्गत ओखलकांडा ब्लॉक में कालाआगर से गलनी–चमोली मोटर मार्ग आपदा के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने आपदा मद से इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की स्वीकृति कराई है।
विधायक कैड़ा ने बताया कि आपदा के बाद संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर वायरक्रेट और सुरक्षा दीवारों के निर्माण के निर्देश दिए गए थे। अब स्वीकृत धनराशि से गलनी के पास क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग पर दीवारों का निर्माण एवं मार्ग का सुधारीकरण किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान विधायक कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के गगुवांचौड़, सुई, पोखरी, कुलोरी, च्यूरीगाड़ सहित अन्य गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों का सुधारीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।