कुमाऊं कमिश्नर ने की जनसुनवाई, कई शिकायतों का मौके पर निपटारा

भूमि विवाद, अतिक्रमण व अन्य समस्याओं पर अधिकारियों को सख्त निर्देश

भीमताल : शनिवार को कैंप कार्यालय में कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव माननीय मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनसुनवाई आयोजित कर आम जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का त्वरित समाधान किया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, अतिक्रमण, सड़क से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। पटनगांव मूलाकोट चम्पावत के सुन्दर सिंह ने 1500 वर्ग फीट भूमि की खरीद के मामले में 13 लाख की अग्रिम राशि न लौटाए जाने की समस्या बताई। आयुक्त ने मनोज सिंह धपौला को अविलंब राशि वापस करने के निर्देश दिए। इसके तहत 4.5 लाख रुपये वापस कर दिए गए और शेष राशि भी जल्द लौटाने का आश्वासन दिया गया।
मई माह में हुई लिफ्ट हादसे की शिकायत पर जांच के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए थे। जांच में पता चला कि लिफ्ट संचालन अब मानकों के अनुरूप किया गया है और इसमें सिक्योरिटी गार्ड व क्षमता अलार्म भी लगाए गए हैं। आयुक्त ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए नियमित निगरानी का आदेश दिया।
मुखर्जी नगर जगतपुरा की राधा पाण्डे ने बाईपास के लिए अधिगृहित भूखण्ड का उचित मुआवजा न मिलने की शिकायत की। आयुक्त ने भू आधिपत्य अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने पटवारी द्वारा दाखिल-खारिज रिपोर्ट में खामियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सही जांच एवं स्थलीय निरीक्षण के बाद ही रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। गलत रिपोर्ट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
जनसुनवाई में रविन्द्र कौर ने भूमि कब्जा दिलाने का अनुरोध किया। सतीश खुल्वे ने अपने पुत्र के लापता होने की शिकायत की। मनोज कुमार बधानी ने जाति परिवर्तन में धोखाधड़ी का मामला उठाया और रामपाल कत्था फैक्ट्री ने भवन स्वामी द्वारा समान जब्त कर बाहर फेंकने की शिकायत की।
आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान किया और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *