भीमताल विधानसभा बदहाली की ओर, जनता बदलाव का मन बना चुकी: मनोज शर्मा

कांग्रेस नेता ने सरकार, सांसद और विधायक पर साधा निशाना, पंचायत प्रतिनिधियों से एकजुट होने की अपील

भीमताल। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने भीमताल विधानसभा की स्थिति को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में भीमताल विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह बदहाल हो चुका है और नए विकास कार्यों के बजाय पूर्ववर्ती सरकारों के समय हुए कार्य भी रखरखाव के अभाव में जर्जर स्थिति में पहुंच गए हैं।

शर्मा ने कहा कि उन्होंने कई बार पूरे भीमताल विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण किया है, जहां उन्हें हर ओर बदहाली देखने को मिली। उन्होंने सांसद और विधायक/कैबिनेट मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि केवल “जुमलेबाजी” में व्यस्त हैं, जबकि आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है।

कांग्रेस नेता ने पंचायत प्रतिनिधियों से भी अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र की बदहाल स्थिति और सरकार की कथित उपेक्षा को देखते हुए निजी स्वार्थों से ऊपर उठकर जनता की आवाज के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज का हर वर्ग वर्तमान सरकार से परेशान है और जनता बदलाव चाहती है।

शर्मा ने दावा किया कि भीमताल विधानसभा की जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है और आगामी चुनाव में सत्ता परिवर्तन जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मजबूत व्यवस्था और जनहित के लिए सभी विपक्षी ताकतों को एकजुट होकर काम करना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते बदलाव नहीं हुआ तो प्रदेश में जनता लगातार उपेक्षा और समस्याओं का सामना करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *