पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर केंद्र सरकार पर बरसे मनोज शर्मा

कहा-सरकार डरी और घबराई हुई, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

भीमताल। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, बदहाल शिक्षा व्यवस्था और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी को केंद्र सरकार की घबराहट और डर का परिणाम बताया।

मनोज शर्मा ने कहा कि अब सवाल केवल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का नहीं है, बल्कि सरकार के इकबाल और उसकी जवाबदेही का है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं के भविष्य के साथ किए जा रहे खिलवाड़ के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। आज राहुल गांधी देश के युवाओं की मजबूत आवाज बन चुके हैं और युवा उन पर विश्वास कर रहा है। यही कारण है कि केंद्र सरकार डरी हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार को डर है कि कहीं उसकी नाकामियों और कथित अनियमितताओं की पोल न खुल जाए। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले युवाओं के भविष्य से सीधा खिलवाड़ हैं। ऐसे में सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने मीडिया के माध्यम से राष्ट्रपति से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के अभिभावक आखिर कब तक अपने बच्चों को सड़कों पर पिटते हुए देखते रहेंगे और कब तक उनके भविष्य को बर्बाद होते देखते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केवल जुमलेबाजी तक सीमित रह गई है।

मनोज शर्मा ने कहा कि सरकार को युवाओं के साथ न्याय करना चाहिए और पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी परिस्थितियों में देश का युवा कैसे विश्वास करे कि जिन परीक्षाओं में वह शामिल हो रहा है, उनकी परीक्षा प्रणाली पारदर्शी और निष्पक्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *