तीलू रौतेली पेंशन में लाभार्थियों को राहत दिलाने की मांग, निदेशक समाज कल्याण से मिले मनोज शर्मा

भीमताल। तीलू रौतेली पेंशन योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने निदेशक समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा शुरू की गई तीलू रौतेली पेंशन योजना के तहत कृषि कार्य के दौरान 20 से 40 प्रतिशत तक दिव्यांग हुए काश्तकारों को पेंशन का लाभ दिया जाता है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि लंबे समय से नैनीताल जिले के कई पात्र लाभार्थियों को फॉर्म सत्यापन के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पात्र लोगों की पेंशन स्वीकृत नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि सीएमओ नैनीताल और जिला समाज कल्याण विभाग के बीच फॉर्म सत्यापन की प्रक्रिया में स्पष्टता न होने के कारण लाभार्थियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मनोज शर्मा ने कहा कि कई अधिकारियों को शासनादेश की वास्तविक जानकारी नहीं होने के कारण पात्र लाभार्थी योजना का लाभ पाने से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि स्पष्ट शासनादेश की प्रति संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को तत्काल राहत मिल सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निदेशक कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट शासनादेश जारी कर पात्र लोगों को राहत देने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *