अधिवक्ता हित में पास हुए कई प्रस्ताव, संघ की एकता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी : रूवाली

भीमताल : जिला बार एसोसिएशन की पहली आमसभा गुरुवार को प्रताप भैया सभागार में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीदों को श्रद्धांजलि देकर की गई। अधिवक्ताओं ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सभा में अधिवक्ता हितों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया। इनमें अधिवक्ताओं के लिए पार्किंग, चैंबर निर्माण और वाहन पास की व्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे। सदस्यों ने इन मुद्दों पर एकजुटता दिखाते हुए सकारात्मक रुख अपनाया।
इस दौरान एक वरिष्ठ अधिवक्ता के निधन के बावजूद कुछ वकीलों द्वारा न्यायालयीन कार्य में भाग लेने पर रोष भी प्रकट किया गया। बार सदस्यों ने इस संवेदनहीन रवैये की निंदा करते हुए इसे अनुशासनहीनता करार दिया। बार कार्यकारिणी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिवक्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही।
बार के सचिव दीपक रूवाली ने कहा, “संघ की एकता और नियमों का पालन करना प्रत्येक अधिवक्ता का नैतिक कर्तव्य है। हमें एकजुट होकर अधिवक्ता समाज के हितों की रक्षा करनी चाहिए।”
सभा की अध्यक्षता बार अध्यक्ष भगवत प्रसाद ने की। बैठक में दीपक रूवाली, मनीष मोहन जोशी, नीरज साह, ओंकार गोस्वामी, राजेन्द्र पाठक, गिरीश खोलिया, प्रीति साह, राजेश त्रिपाठी, संजय सुयाल, पंकज बिष्ट, कैलाश जोशी, यशवंत सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *