विधायक कैड़ा ने नाले में बहकर मरी महिला के परिजनों को सौंपा चार लाख का चेक

आपदा राहत कोष से दी गई सहायता राशि, बोले—दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ
भीमताल : धारी ब्लॉक के बूढ़ीबना गांव में बीते दिनों नाले में बहकर जान गंवाने वाली महिला पुष्पा देवी के परिजनों को रविवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। यह सहायता राशि आपदा राहत कोष से जारी की गई है। विधायक ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व बूढ़ीबना गांव निवासी पुष्पा देवी (40) पत्नी देवेंद्र सिंह तेज बारिश के दौरान घर के पास एक नाले की ओर घरेलू कार्य से गई थीं। इसी बीच अचानक भारी बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई, जिससे वह नाले में बह गईं। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची टीम द्वारा खोजबीन के बाद महिला का शव काफी दूरी पर बहाव में मिला था। घटना की सूचना मिलने पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने तत्काल जिला प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे। अब पीड़ित परिवार को राहत राशि का चेक सौंपते हुए विधायक कैड़ा ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में वे और सरकार परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुई इस तरह की घटनाएं बेहद पीड़ादायक होती हैं, लेकिन सरकार हर पीड़ित तक राहत पहुंचाने के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *