भीमताल । ओखलकांडा विकासखंड के अंतर्गत भौनरा क्षेत्र में पंतोली नदी पर 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन मोटर पुल का विधायक राम सिंह कैड़ा ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर विधायक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागीय अधिकारियों व ठेकेदार को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पंतोली नदी पर मोटर पुल नहीं होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों को नदी पार करने में जान का खतरा बना रहता था। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था।
ग्रामीणों की लगातार मांग पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने पहले खुजेठी से पंतोली–भौनरा तक मोटर मार्ग का निर्माण कराया। इसके बाद क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सरकार से पंतोली नदी पर मोटर पुल निर्माण के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई। पुल का निर्माण कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत कार्यदायी संस्था द्वारा किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक कैड़ा ने कहा कि पुल निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धीमी गति से चल रहे कार्य के कारण ग्रामीणों को अभी भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कर जल्द से जल्द जनता को सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वे और उनकी सरकार क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।