विधायक कैड़ा ने ओखलकांडा के कालाआगर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

जन-जन की सरकार, जनता के द्वार कार्यक्रम में अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

भीमताल। ओखलकांडा विकासखंड के कालाआगर में आयोजित जन-जन की सरकार, जनता के द्वार कार्यक्रम में भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के आतंक से निजात, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
विधायक कैड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला।
विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हुए सरकार की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता के द्वार पहुंचकर उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री शांति महरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *