विधायक कैड़ा ने कृषि मंत्री से की मुलाकात, किसानों को उचित आलू बीमा राशि दिलाने की उठाई मांग

भीमताल । विधायक राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों को आलू फसल बीमा की उचित राशि दिलाने की मांग उठाई। विधायक ने कहा कि भीमताल विधानसभा के रामगढ़, धारी, भीमताल व ओखलकांडा विकासखंड काश्तकार बहुल क्षेत्र हैं, जहां ग्रामीण पूरी तरह खेती पर निर्भर रहकर अपना जीवन यापन करते हैं।
विधायक कैड़ा ने बताया कि किसानों ने अपनी आलू फसल का बीमा कराया था, जिसमें प्रति किसान लगभग पांच हजार रुपये प्रीमियम जमा किया गया, लेकिन इसके सापेक्ष मात्र 1150 रुपये की बीमा राशि ही किसानों को प्राप्त हुई। प्रीमियम के बराबर भी मुआवजा न मिलने से किसान बेहद परेशान हैं और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीमा कंपनी किसानों के साथ न्याय नहीं कर रही है तथा ताप मापक यंत्र भी सही स्थानों पर नहीं लगाए गए हैं, जिससे नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया। विधायक ने किसानों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि जमा की गई प्रीमियम राशि के अनुपात में किसानों को उचित बीमा लाभ नहीं मिला है।
विधायक कैड़ा ने कृषि एवं उद्यान मंत्री से धारी, रामगढ़, भीमताल व ओखलकांडा क्षेत्र के किसानों को उचित आलू बीमा राशि दिलाने की मांग की। इस पर मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तलब कर किसानों के हित में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *