आदमखोर गुलदार के आतंक पर विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, शीघ्र कार्रवाई की मांग

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ एवं भीमताल ब्लॉक के विभिन्न गांवों में बढ़ते आदमखोर बाघ व गुलदार के आतंक से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि बीते दिनों धारी ब्लॉक के तल्ली दिनी तथा ओखलकांडा ब्लॉक के चमोली क्षेत्र में बाघ/गुलदार के हमले में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आदमखोर बाघ अथवा गुलदार को शीघ्र मारने के लिए निजी शिकारियों की विशेषज्ञ टीम क्षेत्र में भेजी जाए। साथ ही जंगल से सटी ग्राम सभाओं में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने, गांवों में चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बाघ-गुलदार के हमले में जान गंवाने वाले परिवारों को राहत देने के लिए मृतक के एक आश्रित को नौकरी दिए जाने की मांग की। इसके अलावा विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए सोलर फेंसिंग कराए जाने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन कदमों से ग्रामीणों को भय के माहौल से राहत मिलेगी और जनजीवन सामान्य हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *