गलनी-खनश्यू में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगाए रैबीज के टीके
भीमताल । विधानसभा क्षेत्र भीमताल के ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा गलनी के सिमलिया निवासी भैरव दत्त पुत्र गंगा दत्त की हाल ही में कुत्ते के काटने के बाद रैबीज का टीका न लगने से मृत्यु हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) नैनीताल से वार्ता कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को गलनी और सिमलिया गांव भेजा गया, जहां टीम ने परिजनों सहित ग्रामीणों को रैबीज के टीके लगाए। साथ ही विधायक कैड़ा ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को घरेलू या आवारा कुत्ता काटे, तो तत्काल स्वास्थ्य केंद्र जाकर रैबीज का टीका अवश्य लगवाएं। विधायक कैड़ा ने बताया कि खनश्यू बाजार क्षेत्र में कुछ आवारा पशु ग्रामीणों पर हमला कर रहे थे। इस पर पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर उन्हें भी टीके लगवाए गए हैं। साथ ही आवारा पशुओं को गौशाला भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। विधायक ने कहा कि कुत्ते के काटने के बाद लापरवाही न बरतें, क्योंकि रैबीज का टीका जीवनरक्षक है और समय पर लगाया जाना अत्यंत आवश्यक है।