भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने वन सचिव से वार्ता कर धारी ब्लॉक के तल्ली दिनी और ओखलकांडा ब्लॉक के चमोली क्षेत्र में आदमखोर बाघ व गुलदार की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। विधायक ने बताया कि इन दोनों क्षेत्रों में बाघ व गुलदार के हमले में अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जिससे जंगल से सटे गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि तल्ली दिनी की घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन वन विभाग को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। इसी प्रकार ओखलकांडा के चमोली क्षेत्र में हुई घटना के बाद भी आदमखोर बाघ व गुलदार को पकड़ने में विभाग असफल रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आदमखोर बाघ व गुलदार को मारना अब अत्यंत आवश्यक हो गया है।
विधायक ने वन सचिव से मांग की कि जिन गांवों में बाघ व गुलदार की लगातार आवाजाही देखी जा रही है, वहां वन विभाग की टीमों की संख्या बढ़ाई जाए, नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में और बड़े पिंजरे लगाए जाएं।
इसके साथ ही विधायक राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे फिलहाल जंगल में न जाएं और जंगल से लगे रास्तों पर अकेले चलने से बचें। उन्होंने कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।