मोटर मार्गों पर डामरीकरण में गुणवत्ता पर दिया जोर
भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने आज भीमताल स्थित टी.आर.सी. नौकुचियाताल में पीडब्लूडी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न मोटर मार्गों के डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई और अधिकारियों से कड़ी चेतावनी दी।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में दो दर्जन से अधिक मोटर मार्गों पर डामरीकरण के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। लेकिन कई ग्रामीणों से इन मार्गों पर कार्य की खराब गुणवत्ता की शिकायतें मिली हैं। विधायक ने कहा कि डामरीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि विभाग को मोटर मार्गों की ई.डी.पी.आर. शासन को शीघ्र भेजनी चाहिए, ताकि धनराशि की स्वीकृति हो सके और कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने गुणवत्ता से समझौता किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक कैड़ा ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य हर गांव को सड़कों से जोड़ना है और इस दिशा में काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक कई गांवों को मुख्य मोटर मार्गों से जोड़ा जा चुका है और आगे भी यह कार्य जारी रहेगा।