सुबह 3 बजे से शुरू हुआ भक्तों का आगमन, जाम व अव्यवस्था से रही पूरी तरह मुक्ति
भीमताल : विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में रविवार को बाबा नीब करौरी महाराज के स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और व्यवस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह तड़के 3 बजे से लेकर देर शाम तक करीब सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन की चुस्त व्यवस्था के चलते कहीं भी अव्यवस्था या जाम की स्थिति नहीं बनी। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगरपालिका और जल संस्थान समेत सभी विभागों ने समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संभालीं, जिससे दर्शन के लिए आए लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
जिलाधिकारी वंदना सिंह स्वयं शटल सेवा से कैंची धाम पहुंचीं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, शौचालय आदि सभी सुविधाओं का जायजा लिया और मौके पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुमाऊं आयुक्त ने बांटा प्रसाद
कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत भी अपने परिवार संग बाबा के दर्शन को पहुंचे। उन्होंने भक्तों को प्रसाद वितरित किया और व्यवस्थाओं की सराहना की।
यातायात व्यवस्था रही पूरी तरह दुरुस्त भीड़ को सुगमता से नियंत्रित करने के लिए भवाली, हल्द्वानी, सेनिटोरियम, नैनीताल, नैनीबैंड और भीमताल आदि स्थानों पर शटल सेवाएं और पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। इसके चलते कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी और पूरे दिन यातायात सुचारु रूप से चलता रहा।
————————————————
आईजी कुमाऊं और एसएसपी ने की व्यवस्थाओं की निगरानी:
कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा समेत अन्य जनपदों से आए पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान और विवेक राय ने पूरे दिन मंदिर परिसर और बाहर की व्यवस्थाओं की निगरानी की।
————————————————
साफ-सफाई और पेयजल की रही बेहतर व्यवस्था
नगर पालिका भवाली और जिला पंचायत द्वारा सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई। वहीं जल संस्थान ने विभिन्न स्थानों पर टैंकरों के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया और बाबा नीब करौरी महाराज की कृपा से दर्शन के दौरान मिले दिव्य अनुभव को अविस्मरणीय बताया।