भीमताल, 03 जून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने बुधवार को लोक भवन नैनीताल में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की रचनात्मकता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति की प्रतिभा उत्तराखण्ड के विकास की मजबूत आधारशिला है।
प्रदर्शनी में जनपद नैनीताल के भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी और रामनगर विकासखंडों की महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने वुडन कलाकृतियों, ऐपण कला, बेकरी उत्पाद, अचार, जैम, मसाले और विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया तथा उनके कार्य, उत्पादन प्रक्रिया और विपणन गतिविधियों की जानकारी ली।
राज्यपाल ने इस दौरान “लखपति दीदी” बनी महिलाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति मेहनत, लगन और संकल्प के बल पर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही है। महिलाओं के भीतर रचनात्मक क्षमता और कुछ नया करने का जज्बा उन्हें विशेष बनाता है।
उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण और विविधता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। महिलाओं ने केवल उत्पाद निर्माण तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि गुणवत्ता सुधार, डिजिटलीकरण और विपणन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रही हैं।
राज्यपाल ने महिला उद्यमियों से अपने उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावी विपणन भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य मौजूद रहीं।