बोले— “खुद को कभी कम न समझें”
भीमताल : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को राजभवन में एसओएस बाल ग्राम, भीमताल के बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बनने का संदेश दिया। राज्यपाल ने बच्चों से कहा कि वे खुद को कभी कमतर न समझें। जीवन की कठिनाइयों को पार कर ही व्यक्ति एक चमकता हुआ हीरा बनता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास पर दिया गया ध्यान बच्चों को आत्मनिर्भर और देश का जिम्मेदार नागरिक बनाता है।
उन्होंने एसओएस बाल ग्राम की सेवा और समर्पण की भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था सिर्फ एक शरणस्थल नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है जहां बच्चों को प्रेम, सुरक्षा और मार्गदर्शन मिलता है। राज्यपाल ने संस्था के “फैमिली लाइक केयर”, “किनशिप केयर” और “फॉस्टर केयर” जैसे मॉडलों को समाज के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि खून के रिश्ते ही नहीं, बल्कि प्रेम और जिम्मेदारी भी एक परिवार की नींव होते हैं। राज्यपाल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक विषयों में बच्चों को रुचि लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य निर्माण में इन बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कार्यक्रम के दौरान एसओएस बाल ग्राम भीमताल के सहायक निदेशक आशीष कुमार सिंह, नंदी गोस्वामी, यशोदा सहित कई बच्चे उपस्थित रहे। राज्यपाल ने संस्था के 1984 से अब तक के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अब तक 300 से अधिक बच्चों को आत्मनिर्भर बनाया गया है, जो बेहद सराहनीय है। राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि इस प्रकार के सामाजिक प्रयासों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।