“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत मिलेगा योजनाओं का लाभ
भीमताल (सूवि)। उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी सोच “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” को साकार करने के उद्देश्य से जनपद नैनीताल में कल दिनांक 22 जनवरी 2026 को दो स्थानों पर बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
पहला शिविर विकास खंड कोटाबाग की न्याय पंचायत गिन्तीगांव अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कोटाबाग में आयोजित होगा, जबकि दूसरा शिविर विकास खंड रामगढ़ की न्याय पंचायत पाथरी के जन मिलन केंद्र बिचखाली (नैनीताल) में लगाया जाएगा।
बहुउद्देशीय शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण भी किया जाएगा।
प्रशासन ने क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।