नैनीताल लिटरेचर फेस्टिवल से पर्यटन क्षेत्रों को मिलेगी नई पहचान : दीपक रावत

भीमताल, 13 मार्च। चारखेत स्थित माउंटेन मैजिक में शुक्रवार से नैनीताल लिटरेचर फेस्टिवल का शुभारंभ हो गया। कुमाऊं आयुक्त व मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत और प्रख्यात साहित्यकार प्रो. पुष्पेश पंत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय यह फेस्टिवल 15 मार्च तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के लेखक, रचनाकार और विचारक भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर आयुक्त दीपक रावत ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और चारखेत जैसे सुंदर पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय लोगों को नए लेखकों और विचारकों से मिलने का अवसर मिलेगा, वहीं युवाओं को साहित्य, लेखन और चिंतन की दिशा में प्रेरणा भी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान साहित्यकार प्रो. पुष्पेश पंत ने भी अपने विचार व्यक्त किए और साहित्यिक संवाद की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर प्रसिद्ध लेखक व फिल्मकार इंद्रजीत पंत ने भी अपनी फिल्म राजुला-मालूशाही पर चर्चा करते हुए उसके सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पक्षों को सामने रखा।
फेस्टिवल में देश-विदेश से आए लेखक, साहित्यकार, विचारक और फिल्मकार मौजूद रहे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न साहित्यिक सत्र, विचार गोष्ठियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *