नौकुचियाताल सड़क धंसने से यातायात को खतरा, विभाग की लापरवाही पर सवाल

भीमताल। नौकुचियाताल के कमलताल के पास पर्यटन सड़क धंसने से बड़ा खतरा पैदा हो गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को फरवरी माह में ही बरसात से पहले सड़क की मरम्मत को लेकर आगाह किया गया था, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण छह किलोमीटर लंबी भीमताल–नौकुचियाताल पर्यटन सड़क की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। सड़क के दो, तीन और चार किलोमीटर के हिस्सों में नालियों की सफाई न होने तथा कई जगह नालियां ही गायब होने से जलभराव की समस्या बनी रहती है। पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर पैदल फुटपाथ की हालत भी खराब है क्योंकि अब तक इंटरलॉक टाइल्स नहीं लगाई गई हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग पहले पूरी सड़क की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करे, उसके बाद ही डामरीकरण का कार्य शुरू करे, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *