भीमताल। नैनीताल जिला बार एसोसिएशन की नवनियुक्त कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अजय भट्ट उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. नारायण सिंह जंतवाल एवं डॉ. सरस्वती खेतवाल मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद जिला जज एवं संरक्षक प्रशांत जोशी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट, सचिव संजय सुयाल, उपाध्यक्ष कमल चिलवाल, संयुक्त सचिव नीरज गोस्वामी तथा कार्यकारिणी सदस्य तारा आर्या, सरिता बिष्ट, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार और मोहम्मद बिलाल शामिल रहे। शपथ ग्रहण के बाद सभी पदाधिकारियों ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
मुख्य अतिथि अजय भट्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिवक्ताओं को समाज का पथप्रदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी नैनीताल जिला बार के आजीवन सदस्य हैं और इस पर उन्हें गर्व है। अधिवक्ताओं के हितों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उन्होंने सांसद निधि से चैम्बर निर्माण हेतु 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथियों ने भी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा के साथ निभाएंगे और अधिवक्ता हित सर्वोपरि रहेगा। वहीं सचिव संजय सुयाल ने बताया कि 100 वर्ष से अधिक पुराने बार भवन के जीर्णोद्धार को प्राथमिकता दी जाएगी तथा तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के लिए सहभोज का आयोजन भी किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।