भीमताल। “वीरसिंग्या मोटर मार्ग निर्माण” की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर सुर्खियों में है। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि विगत 10 वर्षों से “वीरसिंग्या-दूनी-सिलडा-खपाल” सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क न बनने के कारण भारी पलायन हो रहा है, लेकिन सरकार ने अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए।
मनोज शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के युवा लगातार आंदोलन, धरना और ज्ञापन के माध्यम से मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाते रहे, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक व कैबिनेट मंत्री पिछले एक दशक से “अगले तीन महीने” का भरोसा देकर जनता से वोट लेते रहे, जबकि जमीनी स्तर पर एक इंच भी सड़क का निर्माण नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि तीन महीने पूर्व एक सार्वजनिक कार्यक्रम में जनदबाव के बीच विधायक ने खुद कहा था कि “मेरी आवाज रिकॉर्ड कर लो, यह आखिरी तीन महीने मांग रहा हूं, इसके भीतर सड़क निर्माण शुरू हो जाएगा।” लेकिन समयसीमा पूरी होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जब युवाओं ने सोशल मीडिया पर विधायक को उनके वादे याद दिलाए तो उन्होंने टिप्पणी की कि “मैं लगातार दिन-रात इसी काम में लगा हूं।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा कि “यदि 10 वर्षों में दिन-रात लगने के बावजूद 5 किलोमीटर सड़क भी नहीं बन पाई, तो पूरे विधानसभा क्षेत्र के विकास की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी सरकार की विफलता का प्रमाण है और वास्तव में कभी भी इस सड़क निर्माण को गंभीरता से नहीं लिया गया। शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भीमताल विधानसभा विकास के मामले में पिछड़ गई, जबकि नेता आर्थिक रूप से मजबूत होते चले गए और आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
शर्मा ने जनता से अपील की कि वे झूठे वादों को पहचानें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाएं।