सस्ता गल्ला दुकानों व खाद्यान्न गोदामों पर छापे, खामियों पर नोटिस

भीमताल, 02 मई। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए शनिवार को सस्ता गल्ला दुकानों एवं खाद्यान्न गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। यह अभियान मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे के निर्देश पर जिले के सभी आठों विकास खंडों में एक साथ चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान गठित टीमों ने क्षेत्र प्रमुख, ग्राम प्रधानों और ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) के साथ मिलकर दुकानों व गोदामों की गहन जांच की। इस दौरान खाद्यान्न की गुणवत्ता, स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और लाभार्थियों को समय पर राशन वितरण की स्थिति को परखा गया।
टीमों ने दुकानों पर रेट लिस्ट और शिकायत पुस्तिका का अनिवार्य रूप से प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण में जहां-जहां खामियां मिलीं, वहां संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभार्थियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सभी खंड विकास अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, क्षेत्र प्रमुख, ग्राम प्रधान एवं ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *