महाशिवरात्रि पर जंगलिया गांव में गूंजा भक्ति का स्वर, घुघुसा में विशाल भंडारा सम्पन्न

भीमताल। महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के निवासियों द्वारा संयुक्त प्रयास से आयोजित वार्षिक विशाल भंडारा श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। यह भंडारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी घुघुसा नामक स्थल पर आयोजित किया गया, जहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भंडारा स्थल पर गांव की महिला शक्ति ने पारंपरिक वेशभूषा में पिछोड़ा ओढ़कर आकर्षक रंगोलियां सजाईं और भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी संख्या में सहभागिता रही, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने सभी ग्रामवासियों और भक्तों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन सफल हो पाते हैं।
इस अवसर पर अमूल दूध द्वारा फलाहार, तथा लालकुआं दुग्ध संघ की ओर से श्रद्धालुओं के लिए छाछ का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *