भीमताल: जिले में मंगलवार को लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं, तो कई जगहों पर नालों और गधेरों में पानी भर गया। हालात को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी वंदना ने सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर स्थिति पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और बंद मार्गों को तत्काल खोलने का कार्य कराया। हल्द्वानी नगर क्षेत्र में नगर निगम व सिंचाई विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से नाले-गधेरों में जमा पानी हटाया। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें बाधित होने पर उन्हें जल्द से जल्द खोलने की व्यवस्था की जाए और मार्गों में फंसे लोगों के भोजन व आवास की भी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने सभी थानों व चौकियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों-नालों से दूर रहें। किसी भी आपदा की स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05942-231178 और टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।