13 से 16 जून तक रहेगा विशेष यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा की व्यवस्था
नैनीताल। बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव एवं श्री कैंची धाम स्थापना दिवस/मेला 2026 को लेकर नैनीताल पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। 13 जून से 16 जून तक लागू रहने वाले इस विशेष यातायात प्रबंधन के तहत बाहरी राज्यों, मैदानी क्षेत्रों तथा पर्वतीय जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थलों से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद व रामनगर-कालाढूंगी की ओर से आने वाले वाहनों को हल्द्वानी होते हुए गोलापार-काठगोदाम की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे वाहनों को रेलवे स्टेशन काठगोदाम, नगर निगम काठगोदाम सहित चिन्हित पार्किंग स्थलों में पार्क कराया जाएगा, जहां से श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंच सकेंगे।
वहीं, नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा, जबकि भीमताल मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए विकास भवन भीमताल पार्किंग निर्धारित की गई है। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को खैरना पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से शटल सेवा संचालित होगी।
प्रशासन ने 14 जून की सुबह 8 बजे से 16 जून की शाम 4 बजे तक समस्त टैक्सी बाइक एवं दुपहिया वाहनों के कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। साथ ही, 13 जून सुबह 6 बजे से 16 जून रात्रि 11 बजे तक भारी माल वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन निर्धारित समय में ही आवाजाही कर सकेंगे।
केएमओयू एवं रोडवेज बसों के लिए भी विशेष रूट प्लान बनाया गया है। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाली बसों को भवाली-कैंची धाम क्षेत्र में प्रतिबंधित अवधि के दौरान रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पूर्व निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें तथा पार्किंग स्थलों से उपलब्ध शटल सेवा का उपयोग कर सहयोग प्रदान करें, जिससे मेला अवधि में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।