भीमताल : भुजियाघाट स्थित जीना रेस्टोरेंट पर सोमवार देर शाम एक पुलिसकर्मी द्वारा शराब के नशे में धुत होकर कार सीधे दुकान में घुसा दी गई। घटना के समय कई लोग भोजन कर रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। रेस्टोरेंट के मालिक अमर सिंह जीना व उनका पुत्र बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी नैनीताल की ओर से आ रहा था और अत्यधिक नशे में था। अचानक उसने नियंत्रण खोते हुए अपनी कार सीधे रेस्टोरेंट में घुसा दी। घटना से रेस्टोरेंट को भारी नुकसान हुआ है।घटना के बाद पुलिसकर्मी द्वारा थाने व चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों की मदद से दुकानदार पर समझौते का दबाव बनाया गया और धमकी दी गई। इस अन्याय की जानकारी मिलते ही समाजसेवी हेमंत गोनिया मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो, इसके लिए वे अंत तक संघर्ष करेंगे।सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम को भी मामले से अवगत कराया गया। पीड़ित दुकानदार अमर सिंह जीना ने बताया कि यदि समय रहते वे और उनका बेटा पीछे नहीं हटते, तो जानमाल की बड़ी हानि हो सकती थी। समाजसेवी हेमंत गोनिया ने कहा, “यह न्याय और सुरक्षा का सवाल है। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए, तो समाज का क्या होगा? दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक न्याय नहीं मिलता।”