15 अगस्त की तैयारियां तेज, प्रभात फेरी से लेकर स्वच्छता अभियान तक की बनी रूपरेखा

भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में स्वतंत्रता दिवस-2026 के आयोजन को लेकर बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि जनपद में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, राज्य आंदोलनकारियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में तय किया गया कि 15 अगस्त को जिला मुख्यालय सहित सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर सुबह सात बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। नैनीताल में प्रभात फेरी मल्लीताल फ्लैट मैदान से शुरू होकर तल्लीताल गांधी चौक तक जाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करेगा, जबकि यातायात व्यवस्था पुलिस संभालेगी।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस से एक सप्ताह पहले विद्यालयों में पेंटिंग, निबंध, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि जिलाधिकारी कार्यालय में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त की शाम छह बजे से रात नौ बजे तक तथा 15 अगस्त की सुबह छह बजे से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही शासकीय भवनों, ऐतिहासिक स्मारकों और प्रमुख इमारतों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने 8 से 16 अगस्त तक पूरे जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, वन विभाग और अन्य विभागों को अपने-अपने परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाने के साथ महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई एवं रंग-रोगन 15 अगस्त से पहले पूरा करने को कहा गया।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने, व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने तथा राष्ट्रीय ध्वज संहिता का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग नहीं करने और कहीं भी राष्ट्रीय ध्वज मिलने पर उसका सम्मानजनक निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *