भीमताल । हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छोटा कैलाश क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। आदि कैलाश विकास समिति के अध्यक्ष उमेश पलड़िया ने बताया कि पर्व के दिन प्रातः 9 बजे पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं जटेश्वर मंदिर से कलश में जल भरकर लगभग 10 किलोमीटर की यात्रा के उपरांत पार्वती कुंड में जल अर्पित करेंगी।
उन्होंने बताया कि दोपहर लगभग 12 बजे भटेलिया में आयोजित शिवरात्रि मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल द्वारा किया जाएगा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने जानकारी दी कि सायं 5 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जबकि रात्रि 12 बजे आदि कैलाश मुख्य मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष उमेश पलड़िया ने बताया कि जमरानी बांध योजना के अंतर्गत क्षेत्र में 10 सोलर लाइटें स्थापित की गई हैं। इसके अलावा बिजली व पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मेले को लेकर दुकानें भी लगभग लग चुकी हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।