सीएचसी भीमताल में अल्ट्रासाउंड मशीन शीघ्र लगाई जाए : राधा कुल्याल

भीमताल । ग्राम पंचायत जंगलिया गांव की प्रधान एवं ग्राम प्रधान संगठन भीमताल की संरक्षक राधा कुल्याल तथा राज्य आंदोलनकारी प्रेम सिंह कुल्याल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल का उच्चीकरण कर इसे उप जिला चिकित्सालय बनाने और अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपा और मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आगामी राज्य स्थापना दिवस पर इस महत्वपूर्ण मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए।
राधा कुल्याल ने कहा कि भीमताल अस्पताल के अधीन 35 हजार से अधिक की जनसंख्या आती है, लेकिन अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन सप्ताह में केवल तीन दिन ही उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल वर्तमान में एक मात्र रेफरल सेंटर बनकर रह गया है, जिससे आम जनता को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। राज्य आंदोलनकारी प्रेम सिंह कुल्याल ने कहा कि एक ओर राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र की जनता आज भी स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस मुद्दे पर अपने-अपने स्तर से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो सभी सामाजिक संगठनों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *