जंगलियागांव में बंदरों के आतंक से राहत, वन विभाग ने पिंजरा लगाकर पकड़े दो दर्जन से अधिक बंदर

भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान ग्रामीणों को वन विभाग की कार्रवाई से राहत मिली है। जंगलिया गांव के तोक खोपटा कान क्षेत्र में वन विभाग ने पिंजरा लगाकर दो दर्जन से अधिक बंदरों को पकड़कर रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।
बताया गया कि क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों का जबरदस्त आतंक बना हुआ था। बंदर किसानों की खेती-बाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा रहे थे, वहीं घरों में घुसकर रसोई में रखी खाद्य सामग्री को भी नष्ट कर रहे थे। इससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था।
गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित चौपाल कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बंदरों की समस्या को अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में पिंजरा लगाकर बंदरों को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की।
ग्राम प्रधान जंगलिया गांव राधा कुल्याल ने वन विभाग से एक-दो दिन लगातार पिंजरा लगाए रखने की मांग की है, ताकि शेष बंदरों से भी ग्रामीणों को स्थायी राहत मिल सके। रेस्क्यू अभियान के दौरान नवीन चंद्र, सुरेश चंद्र पलड़िया सहित ग्रामीणों ने वन विभाग को सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *