नैनीताल झील विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी मनीष कुमार सिंह को, विजय नाथ शुक्ला बने ऋषिकेश नगर आयुक्त

नैनीताल : उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कुमाऊं क्षेत्र से जुड़े अहम पदों पर नई तैनातियां की हैं। हरिद्वार विकास प्राधिकरण में सचिव पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी मनीष कुमार सिंह को अब नैनीताल झील विकास प्राधिकरण (एलडीए) का सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के महाप्रबंधक का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
मनीष कुमार सिंह इससे पहले हल्द्वानी में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में कार्य कर चुके हैं। कुमाऊं क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय परिस्थितियों से परिचित होने के कारण उनकी नई तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पर्यटन और झील संरक्षण से जुड़े कार्यों में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, अब तक नैनीताल झील विकास प्राधिकरण के सचिव और केएमवीएन के महाप्रबंधक का दायित्व संभाल रहे विजय नाथ शुक्ला को ऋषिकेश नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। शासन के आदेश के बाद जल्द ही दोनों अधिकारी नई जिम्मेदारियां संभाल सकते हैं।
नैनीताल झील संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और कुमाऊं क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर यह बदलाव अहम माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि नई तैनातियों से कई लंबित योजनाओं को गति मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *