जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न

पेयजल व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने व होटलों की बोरिंग की संयुक्त जांच के निर्देश

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी/उपाध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्षता में मंगलवार को जल जीवन मिशन की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने, योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा बोरिंग से जुड़े मामलों की जांच के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद के कई होटलों में केंद्र सरकार की इकाई सीपीसीबी से अनुमति लेकर सीधे बोरिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित उपजिलाधिकारियों तथा अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान व जल निगम को संयुक्त टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही होटल परिसरों में किए गए बोरिंग से स्थानीय निवासियों को भी पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आगामी यात्रा सीजन एवं ग्रीष्मकाल को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों के समीप सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों एवं चिकित्सालयों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सुजलाम भारत ऐप के माध्यम से साप्ताहिक जियोटैगिंग एवं पीएम गति शक्ति पोर्टल पर केएमएल फाइल शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही योजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पीवीटीजी श्रेणी की बुक्सा जनजाति को विशेष प्राथमिकता देते हुए जल जीवन मिशन से आच्छादित किया जाए।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल संस्थान नैनीताल, अधिशासी अभियंता जल निगम भीमताल, जल संस्थान हल्द्वानी, जल संस्थान लालकुआं, अधिशासी अभियंता यांत्रिक शाखा पेयजल निगम हल्द्वानी, सहायक अभियंता जल संस्थान रामनगर, सहायक अभियंता पेयजल निगम रामनगर सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *