भीमताल में PPE प्रस्तावों की समीक्षा, SHG आधारित आजीविका सृजन को मिलेगी गति

भीमताल। विकास भवन, भीमताल में सोमवार को ग्रामोत्थान/REAP द्वारा NRLM के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह (SHG) आधारित आजीविका सृजन हेतु प्रस्तावित निजी भागीदारी उद्यम (PPE) के मूल्यांकन एवं चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डेय ने की।
बैठक में APD-DRDA चंदा फर्त्याल, लीड बैंक मैनेजर, DPM-ग्रामोत्थान, AM सेल्स सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। समिति के समक्ष PPE मॉडल के अंतर्गत कार्य करने के इच्छुक पांच उद्यमियों ने अपने-अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
प्रस्तावों में मशरूम उत्पादन से संबंधित Gramse Agrotech Pvt. Ltd., Indian Mountain Foods Pvt. Ltd., प्रसाद निर्माण यूनिट, स्नैक्स यूनिट सहित अन्य उद्यम शामिल रहे। उद्यमियों द्वारा अपने उद्यम का विवरण, पूर्व अनुभव, उत्पादन क्षमता, व्यवसाय विस्तार की संभावनाएं एवं बाजार लिंकेज की जानकारी समिति के समक्ष रखी गई।
समिति ने अवगत कराया कि चयनित PPE इकाइयों को वित्तीय सहायता के अंतर्गत ग्रामोत्थान/REAP द्वारा 25 प्रतिशत अनुदान/सब्सिडी दी जाएगी, जबकि 50 प्रतिशत धनराशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। शेष राशि उद्यमियों को स्वयं वहन करनी होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि PPE मॉडल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा SHG आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी। समिति द्वारा सभी प्रस्तावों का परीक्षण कर आगे की प्रक्रिया के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *