भारी बारिश के अलर्ट के चलते नैनीताल में 14 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

भीमताल, 13 अगस्त । भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिले में 14 अगस्त को सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार शुक्रवार को कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों के साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

हालांकि, नैनीताल शहर में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में आवागमन से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *