भीमताल। न्यायालय नैनीताल के अधिष्ठान कार्यालय में सहायक समीक्षा अधिकारी, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक एवं टाइपिस्ट परीक्षा-2025 के तहत सामान्य ज्ञान (वस्तुनिष्ठ प्रकार) विषय की परीक्षा रविवार 19 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेयी ने हल्द्वानी के छह परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी है।
परीक्षा केंद्रों में यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल आरटीओ रोड जयदेवपुर, खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज भोटियापड़ाव, क्वीनस पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस, निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठगोदाम, श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस और सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल नैनीताल रोड शामिल हैं।
आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में बिना अनुमति पांच या उससे अधिक लोगों के समूह में एकत्र होने और सार्वजनिक सभा करने पर रोक रहेगी। परीक्षा स्थल या उसके आसपास हथियार, लाठी, डंडा, बल्ला आदि ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्र, डीजे आदि का प्रयोग भी नहीं किया जा सकेगा।
परीक्षा से संबंधित अफवाह फैलाने, पर्चे वितरित करने और बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों के परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर प्रतिबंध लागू नहीं होंगे। आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दंडनीय होगा।