गेस्ट हाउस में शराब की खाली बोतलें देख भड़के सांसद अजय भट्ट, कमिश्नर को मौके से किया फोन

भीमताल : सरकारी परिसरों में अव्यवस्था और नशाखोरी पर सख्त रुख अपनाते हुए सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने रविवार को ठंडी सड़क स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में गंदगी और आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके से ही कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को फोन कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
अजय भट्ट हल्द्वानी में एम.बी. कॉलेज में भाजपा के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पूर्व निर्धारित बैठक के लिए गेस्ट हाउस पहुंचे थे। जैसे ही गेस्ट हाउस के कमरे खोले गए, वहां का दृश्य देखकर सांसद हैरान रह गए। कमरे में शराब और बियर की खाली बोतलें, सिगरेट के खोखे, ताश की गड्डियां और कूड़े का ढेर फैला हुआ था।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाबतलबी करते हुए तुरंत अन्य कमरों का भी निरीक्षण किया। वहां भी हालात कुछ अलग नहीं थे। इस पर सांसद ने तुरंत कमिश्नर को फोन कर सख्त नाराजगी जताई और कहा कि सरकारी परिसरों में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद हल्द्वानी तहसीलदार मनीषा बिष्ट तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। सांसद ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल से भी फोन पर बात कर नाराजगी जाहिर की।
सांसद अजय भट्ट ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। ऐसे में किसी भी सरकारी परिसर में इस तरह की गतिविधियां अत्यंत गंभीर चिंता का विषय हैं और इसमें कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *