भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने किया देवनगर-पलड़ा डैम पर धरना प्रदर्शन, भ्रष्टाचार की गंभीर शिकायत की

भीमताल । वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक के देवनगर-पलड़ा गांव पहुँचे और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर लघु सिंचाई विभाग द्वारा बनाए गए डैम के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि यह डैम लगभग आठ महीने पहले आबादी के पास गधेरे में बनाया गया था, लेकिन बनने के दो महीने के भीतर ही टूट गया।
मनोज शर्मा ने कहा कि डैम टूटने से ग्रामीणों के खेत बह गए, मकानों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया और बगीचों की स्थिति भी गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों ने भ्रष्ट ठेकेदारों के माध्यम से लगभग 90 लाख की योजना को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया और करोड़ों रुपये का कमीशन हड़प लिया। स्थानीय मिट्टी को खोदकर गुणवत्ता विहीन निर्माण किया गया और जिम्मेदार अधिकारी आंख बंद किए रहे। उन्होंने बताया कि डैम प्रस्तावित जगह पर नहीं बनाया गया और आबादी के नजदीक यह निर्माण किसी भी नियम का उल्लंघन है। धरना प्रदर्शन के दौरान मनोज शर्मा ने अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई से फोन पर पूरी जानकारी साझा की और अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द निरीक्षण किया जाएगा। मनोज शर्मा ने कहा कि विभाग द्वारा पूर्व में हुए भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए आपदा के अनुसार गलत एस्टीमेट बनाये गये हैं। ग्रामीणों की मांग है कि आबादी क्षेत्र से डैम को ध्वस्त किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन के भीतर न्यायसंगत कार्यवाही नहीं होती है, तो लघु सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता का घेराव किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में मोहन पंत, कान्ति बल्लभ अघरिया, हेम पंत, चंद्र शेखर पंत, उमेश तिवारी, खिमेश तिवारी, नीरज शर्मा, मोहन शर्मा, अजय जोशी, चंदन अघरिया, जीवन अघरिया सहित अन्य ग्रामीण और नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *