सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान : कालाढूंगी में शिविर में 165 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

410 लोगों को मिला योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ, विधायक बंशीधर भगत ने बांटा 25 हजार रुपये का चेक

भीमताल। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत शनिवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी के मैदान में विशाल जनकल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। विधायक बंशीधर भगत और उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 190 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 165 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर का करीब 410 लोगों को सीधा लाभ मिला।

शिविर में विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक लाभार्थी को 25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक वितरित किया। वहीं पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।

क्षेत्रीय लोगों ने सिंचाई, वन, भूमि, जल जीवन मिशन, भू-कटाव, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, विद्युत, पेयजल, सड़क, आय-जाति-स्थायी प्रमाण पत्र और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक और एसडीएम ने शिकायतों को सुनते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं था, उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा निर्धारित की गई।

शिविर में भू-कटाव और सिंचाई से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठीं। चकलुवा-निहाल नाले से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग को तीन दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। नदी से हो रहे भू-कटाव की रोकथाम के लिए वन और सिंचाई विभाग को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

धमोला के गट्टू राम कंबोज ने सिंचाई की समस्या और गांव में पैदल मार्ग निर्माण की मांग रखी। इस पर सिंचाई और नलकूप विभाग को तत्काल समाधान तथा वन विभाग और विकासखंड को स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। देवलचौड़ में जल जीवन मिशन के कार्य से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए लोनिवि और पेयजल विभाग को मौके पर ही निर्देश दिए गए।

विद्युत समस्याओं के संबंध में भी अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गुलजारपुर बाकी में विद्युत पोल बदलने और वार्ड-2 में तिरछे पोल को सीधा करने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को शीघ्र कार्यवाही करने को कहा गया। दिव्यांग पेंशन और किसान सम्मान निधि से जुड़ी शिकायतों का विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही ऑनलाइन निस्तारण किया।

शिविर में आय, स्थायी, आधार, जन्म-मृत्यु और अन्य प्रमाण पत्रों से संबंधित मामलों में भी तत्काल कार्रवाई की गई। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ की जानकारी दी गई। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ ही विभिन्न योजनाओं से संबंधित सामग्री का वितरण भी किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी में चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती का मामला भी विधायक के समक्ष रखा गया। विधायक बंशीधर भगत ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि इस संबंध में शासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति को बिना भटकाव के सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसी उद्देश्य से जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन जनता के बीच जाकर किया जा रहा है।

शिविर में उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला सशक्तीकरण और खाद्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल दीपक सुयाल एंड पार्टी ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सूचना विभाग की ओर से प्रचार साहित्य का भी वितरण किया गया।

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा, कनिष्ठ उप प्रमुख अपूर्वा बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश पांडे, तहसीलदार पूजा शर्मा, खंड विकास अधिकारी श्वेता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अभिनव कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *